
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तराखंड, श्री सचिन कुर्वे तथा जिलाधिकारी देहरादून श्री सविन बंसल के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन जनपद देहरादून के द्वारा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित किए जाने हेतु जनपद देहरादून में लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी के तहत नवरात्र त्यौहार के दृष्टिगत आज सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा जनपद देहरादून श्री मनीष सयाना तथा वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नगर निगम क्षेत्र देहरादून श्री रमेश सिंह के द्वारा हलवाई समिति देहरादून के साथ इंडस्ट्रियल एरिया पटेल नगर देहरादून में बैठक का आयोजन किया गया, जिसके द्वारा समस्त रेस्टोरेंटों में व्रत की थाली में उपयोग किए जाने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित किये जाने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए गये। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नगर निगम क्षेत्र देहरादून श्री रमेश सिंह ने बताया कि खाद्य पदार्थों तैयार करने में पैक्ड कुट्टू आटा एवं लेबल जॉच करने तथा कालातीत खाद्य पदार्थों को उपयोग न करने के निर्देश दिए गये। उनके द्वारा बताया गया कि आज सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा जनपद देहरादून श्री मनीष सयाना के साथ हनुमान चौक, आढ़त बाजार में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरक्षण किया गया तथा खुला कुट्टू आटा विक्रय होते नहीं पाया गया। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी ऋषिकेश क्षेत्र श्री संतोष कुमार सिंह ने बताया कि उनके द्वारा आज भनियावाला, डोईवाला, रानीपोखरी क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया तथा कुट्टू के आटे का तीन नमूना जाँच हेतु लिया गया। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकासनगर क्षेत्र श्री संजय तिवारी ने बताया कि उनके द्वारा सेलाकुई क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया तथा संदेह के आधार पर चार कुट्टू आटा व एक सिंघाड़े के आटे सहित कुल पांच नमूने लेकर जॉच हेतु भेजा गया। इस प्रकार खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन जनपद देहरादून की टीम द्वारा नवरात्र त्यौहार के दृष्टिगत आज जनपद देहरादून के विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर व्रत में उपयोग किया जाने वाले कुट्टू आटा व सिंघाड़े आटे के कुल 08 नमूने जॉच हेतु लेकर खाद्य विश्लेषणशाला भेजे गए है। आम जनमानस से अपील है कि वे पैक्ड कुट्टू आटे को क्रय करने में प्राथमिकता दे, fasai प्रमाणित तथा सही लेबल युक्त खाद्य पदार्थ खरीदे, उक्त अभियान आगे जारी रहेगा।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन जनपद देहरादून की टीम में सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा जनपद देहरादून श्री मनीष सयाना, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नगर निगम क्षेत्र देहरादून श्री रमेश सिंह, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी ऋषिकेश क्षेत्र श्री संतोष कुमार सिंह, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकासनगर क्षेत्र श्री संजय तिवारी तथा हलवाई समिति देहरादून से प्रधान श्री आनंद स्वरूप गुप्ता, महामंत्री श्री अरविंद गोयल, कोषाध्यक्ष श्री हरि मोहन अग्रवाल, श्री कृष्ण कुमार अग्रवाल, श्री शरद गोयल आदि शामिल थे।








